सिवनी, बरघाट: रोड के किनारे तक अवैध कब्जे बन रहे पानी निकासी में रोडा. आज पहली ही बारिश में लोगों के घरों में पानी भर गया। मौके पर बरघाट पुलिस ने पहुँचकर समाधान निकालने का प्रयास किया, किन्तु रोड के किनारे तक लोगों द्वारा किए जा रहे अवैध कब्जे बरसात के पानी निकासी में रोडा बने हुए हैं, जिस ओर प्रशासन का ध्यान नहीं है।
रोड के किनारे तक है अवैध कब्जों का मकड़जाल
उल्लेखनीय है कि धारनाकला में सिवनी बालाघाट रोड से लगकर रोड के किनारे तक अवैध कब्जों का मकड़जाल फैला हुआ है। मुख्य रोड के किनारे तक लोगों और खासकर दुकानदारों द्वारा दुकान का सामान फैलाकर रखा जाता है।
साथ ही, रोड के किनारे तक लोगों द्वारा मुरम बिछाकर दुकान और मकान के हिस्से को ऊँचा कर दिया गया है, जिससे पहले के बने कच्चे मकान निचली सतह पर पड़ गए हैं और पानी निकासी न होने के कारण लोगों के घरों में पानी भर रहा है। इससे आए दिन विवाद की स्थिति निर्मित हो रही है।
60 फीट के दायरे से हटाए जाएं अवैध कब्जे
यह बताना भी आवश्यक है कि वर्षा के पानी की निकासी को लेकर धारनाकला में प्रति वर्ष विवाद की स्थिति निर्मित होती है और पुलिस प्रशासन से लेकर राजस्व टीम तक मौके पर पहुँचती है। किन्तु सिवनी बालाघाट रोड के किनारे तक फैले अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई आज तक नहीं हुई।
यही कारण है कि सिवनी बालाघाट मेन रोड के किनारे तक अवैध कब्जे बढ़ते चले गए हैं। लोगों के घरों के सामने तक दुकाने खड़ी हो गई हैं। इससे संबंधित अधिकारियों की निष्क्रियता स्पष्ट होती है, क्योंकि सब कुछ जानते हुए भी 60 फीट के दायरे में फैले अतिक्रमण और अवैध कब्जों को हटाने में प्रशासन को कठिनाई हो रही है।
जब पहली ही बारिश में लोगों के घरों में पानी घुस रहा है, तो आने वाली भारी बारिश में यहाँ की क्या स्थिति होगी, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।