सिवनी : जननायक बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर प्रदेश के साथ ही सिवनी जिले में भी जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
नगर पालिका सिवनी के मानस भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में सांसद श्री ढालसिंह बिसेन, विधायक सिवनी श्री दिनेश राय, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री आलोक दुबे सहित कलेक्टर श्री राहुल हरिदास फटिंग, अपर कलेक्टर श्री मूलचंद वर्मा, सहायक आयुक्त श्री सत्येंद्र मरकाम सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, अधिकारी -कर्मचारियों तथा आम जनों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों द्वारा जननायक बिरसा मुंडा के चित्र में माल्यार्पण, दीप प्रज्वलित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। सांसद श्री ढाल सिंह बिसेन तथा विधायक दिनेश राय के साथ ही अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा उपस्थित आम जनों को संबोधित कर जननायक बिरसा मुंडा के व्यक्तित्व एवं उनके द्वारा अंग्रेजो की कुटिल नीतियों एवं अन्याय के विरुद्ध किये गए आंदोलन के संबंध अपने विचार रखे गए।