सिवनी : जिला प्रशासन द्वारा कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए किए जा रहे तमाम प्रयासों के बाद भी प्रतिदिन पॉजिटिव मरीजों की संख्या में वृद्धि दर्ज हो रही है जो कि अब गंभीर चिंता का विषय बन गया है। लॉक डाउन समाप्त होने के बाद जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण अंचलों में कोरोना संक्रमण से ग्रसित राज्यों व जिलों से आम नागरिक बडी संख्या में पहुंच रहे है जो कोरोना संक्रमण का बडा माध्यम बनकर उभर रहा है। ज्ञात हो कि अब तक सिवनी जिले में कुल 68 संक्रमित मिल चुके है।
मिली जानकारी के अनुसार बीते शुक्रवार को सिवनी नगर में 12 कोरोना पॉजिटिव मिलने की पुष्टि हुई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ के. सी. मेशराम से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को ट्रू-नाट मशीन से आयी रिपोर्ट में सिवनी नगरीय क्षेत्र के 3 व्यक्ति कोराना पॉजिटिव पाए गए हैं। जिसमें गुरुनानक वार्ड का 26 वर्षीय युवती, मंगलीपेठ का 65 वर्षीय व्यक्ति तथा अशोक वार्ड सिवनी का 80 वर्षीय वृद्ध शामिल हैं।
वहीं शुक्रवार को ही छिंदवाड़ा मेडीकल कालेज (सिम्स)में भेजे गए सेंपलों में से 9 व्यक्तियों पॉजिटिव आई है। इस रिपोर्ट के अनुसार पॉजिटिव वे मरीज है जिसमें सिवनी नगर के काली चौक के 3 व गुरूनानक वार्ड के 4 तथा अन्य 2 शामिल है। प्रशासन द्वारा सभी पॉजिटिव मरीजों की कॉन्ट्रेक्ट हिस्ट्री एवं यात्रा की जानकारी ली जा रही हैं।
नगर में बढ रहे है कंटेनमेंट जोन
नगर पालिका क्षेत्र सिवनी में कोरोना पॉजिटिव मरीजों के मिलने का सिलसिला भगत सिंह वार्ड से मिलना प्रांरभ हुआ था। देखा जाए तो धीरे-धीरे कोविड-19 का संक्रमण जिला मुख्यालय के अधिकांश वार्डों तक पहुंच चुका है। जिसके परिणाम विभिन्न वार्डों में कंटेनमेंट बनाकर निगरानी रखना प्रशासनिक अमले के लिए चुनौती बन गया है। ज्ञात हो कि कोरोनाकाल के दौरान शुक्रवार का दिन सबसे अधिक संक्रमित रिपोर्ट देने वाला रहा है। लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमितों को देखते हुये अब सिवनी नगर में कटेंमेंट जोन की संख्या भी उसी अनुपात में बढ़ जायेंगी। अब यहां पर सिवनी शहर की जनता को कोरोना संक्रमण को लेकर गंभीर रहना होगा, क्योंकि कोरोना संक्रमण धीरे-धीरे अपने पैर पसारते चला जा रहा है, अब खुद की सुरक्षा लोगों को स्वयं ही करनी होगी।
अब तक स्वस्थ हो चुके है 38 मरीज
जिले में अभी तक कुल 66 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिल चुके है। स्वास्थ्य विभाग सिवनी द्वारा शुक्रवार की सुबह जारी कोविड-19 बुलेटिन के अनुसार जिले में अब तक 38 मरीज स्वस्थ होकर अपने घर पहुंच चुके है वही एक व्यक्ति की मृत्यु भी नागपुर में ईलाज के दौरान हो चुकी है। वर्तमान स्थिति में 23 मरीजों का ईलाज जिला चिकित्सालय सिवनी में बनाएं गए डेडीकेटेड सेंटर में जारी है तथा 4 मरीजों का ईलाज नागपुर में चल रहा है।