Homeसिवनीसिवनी में 39 लाख की ट्रेडिंग ठगी का बड़ा खुलासा! BMW में...

सिवनी में 39 लाख की ट्रेडिंग ठगी का बड़ा खुलासा! BMW में घूम रहे शातिर आरोपी भोपाल से गिरफ्तार, विदेश भागने की थी तैयारी

Date:

सिवनी। मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में ऑनलाइन ट्रेडिंग और ग्लोबल मार्केटिंग के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने भोपाल से गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। आरोपियों ने लोगों को कम समय में रकम दोगुनी करने का लालच देकर करीब 39 लाख 29 हजार रुपये की ठगी की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से 60 लाख की BMW कार, महंगे मोबाइल फोन समेत कुल 62 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की है।

इस सनसनीखेज मामले के सामने आने के बाद सिवनी समेत भोपाल क्षेत्र में भी हड़कंप मच गया है। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने कई अन्य लोगों को भी अपने जाल में फंसाकर करोड़ों की ठगी की हो सकती है।

कम समय में दोगुना पैसा बनाने का झांसा

जानकारी के अनुसार, 18 मई 2026 को प्रार्थी शिशांत सोनी सहित 6 लोगों ने थाना कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि भोपाल निवासी नितिन सोनी और ललित पुरोहित ने खुद को ग्लोबल मार्केटिंग और ट्रेडिंग एक्सपर्ट बताकर निवेश करने पर रकम जल्दी दोगुनी करने का भरोसा दिलाया।

आरोपियों ने हाई रिटर्न का लालच देकर अलग-अलग लोगों से लाखों रुपये जमा कराए, लेकिन बाद में रकम वापस नहीं लौटाई। जब पीड़ितों को ठगी का एहसास हुआ तो उन्होंने पुलिस का दरवाजा खटखटाया।

कोतवाली पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देश पर तत्काल विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम भोपाल रवाना हुई और लगातार निगरानी एवं तकनीकी जांच के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सिवनी लाया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:

  • नितिन सोनी, पिता गौरीशंकर सोनी, उम्र 44 वर्ष, निवासी नेहरू नगर, कमलानगर, भोपाल
  • ललित पुरोहित, पिता मोहनलाल पुरोहित, उम्र 36 वर्ष, निवासी निरुपम कॉलोनी, जाटखेड़ी, भोपाल

पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने ठगी की बात स्वीकार कर ली है।

ठगी के पैसों से खरीदी लग्जरी BMW

पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी नितिन सोनी ठगी की रकम से लग्जरी लाइफस्टाइल जी रहा था। उसने ठगी के पैसों से करीब 60 लाख रुपये कीमत की BMW कार (MP04 CY8566) फाइनेंस कराई थी और उसकी किस्तें जमा कर रहा था।

इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो महंगे एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 62 लाख रुपये आंकी गई है।

विदेश भागने की थी तैयारी! पासपोर्ट भी मिला

जांच के दौरान पुलिस को आरोपी नितिन सोनी का पासपोर्ट भी मिला है। पुलिस को आशंका है कि ठगी का मामला खुलने के बाद आरोपी देश छोड़कर विदेश भागने की तैयारी में था। यही वजह है कि पुलिस ने तेजी दिखाते हुए कार्रवाई की और समय रहते दोनों आरोपियों को दबोच लिया।

और भी पीड़ित सामने आने की संभावना

फिलहाल इस मामले में 6 लोगों की शिकायत पर प्रकरण दर्ज किया गया है, लेकिन पुलिस का मानना है कि ठगी का दायरा काफी बड़ा हो सकता है। भोपाल और अन्य शहरों से भी कई लोगों के साथ धोखाधड़ी किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों, निवेश, चल-अचल संपत्तियों और अन्य आर्थिक लेनदेन की गहराई से जांच कर रही है।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

थाना कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 356/2026 के तहत धारा 318(4) एवं 61(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जहां उनसे लगातार पूछताछ जारी है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सतीश तिवारी, उपनिरीक्षक राजेश शर्मा, प्रधान आरक्षक मनोज पाल एवं महिला आरक्षक निशा दोनावट की विशेष भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related