Seoni to Ayodhya Special Train। भगवान श्रीराम के भक्तों के लिए बड़ी खुशखबरी है। 21 अगस्त को सिवनी से एक विशेष ट्रेन रवाना होगी, जिसमें कुल 864 श्रद्धालु अयोध्या धाम जाकर रामलला के दर्शन करेंगे। यह यात्रा लंबे समय से प्रतीक्षित थी, जो अब विधायक दिनेश राय मुनमुन के प्रयासों से संभव हो पाई है।
21 अगस्त को दोपहर 3 बजे सिवनी रेलवे स्टेशन से होगी यात्रा की शुरुआत
विधायक दिनेश राय मुनमुन ने जानकारी दी कि यह विशेष ट्रेन 21 अगस्त को दोपहर 3 बजे सिवनी रेलवे स्टेशन से अयोध्या धाम के लिए रवाना होगी। विधायक दिनेश राय मुनमुन ने यह भी बताया कि यह यात्रा कुंभ के दौरान होने वाली थी लेकिन उस समय विशेष ट्रेन की अनुमति नहीं मिली सकी। इस यात्रा की अनुमति सांसद भारती पारधी के माध्यम से रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से चर्चा के बाद प्राप्त हुई है।
उन्होंने बताया कि इस ट्रेन में केवल चयनित 864 श्रद्धालु ही सफर कर सकेंगे। इन सभी श्रद्धालुओं की सूची पहले ही तैयार कर ली गई है। ट्रेन में किसी भी अतिरिक्त यात्री को यात्रा की अनुमति नहीं होगी।
नैनपुर, जबलपुर और कटनी में विशेष व्यवस्था
यात्रा को यादगार और सुविधाजनक बनाने के लिए जगह-जगह पर श्रद्धालुओं की भोजन और नाश्ते की व्यवस्था की गई है।
- नैनपुर में चाय-नाश्ता
- जबलपुर में भोजन
- कटनी में भोजन (वापसी यात्रा के दौरान)
अयोध्या धाम में ठहराव और दर्शन की योजना
विशेष ट्रेन 22 अगस्त की सुबह 8 बजे अयोध्या धाम पहुंचेगी। यहां श्रद्धालुओं को विश्व हिंदू परिषद की तीन बड़ी धर्मशालाओं में ठहराया जाएगा। धर्मशाला में स्नान की व्यवस्था रहेगी और इच्छुक श्रद्धालु सरयू नदी में स्नान भी कर सकेंगे।
इसके बाद भक्तगण रामलला के भव्य दर्शन करेंगे और साथ ही हनुमान गढ़ी भी जाएंगे।
- सुबह चाय-नाश्ते के बाद दर्शन
- दोपहर 12 बजे भोजन
- दोपहर 3 बजे चाय-नाश्ता
- शाम तक अयोध्या भ्रमण
यात्रा पूर्ण होने के बाद रात 8 बजे सभी श्रद्धालु उसी विशेष ट्रेन से वापस लौटेंगे।
रामभक्तों के लिए अविस्मरणीय अनुभव
यह यात्रा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय अनुभव भी बनने वाली है। विधायक दिनेश राय मुनमुन ने कहा कि “हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सिवनी से अयोध्या धाम जाने वाले सभी श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।”