भोपाल, | मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवाओं के कारण मई माह में भी वातावरण में नमी बढ़ी हुई है। जिससे राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों में बादल छाने लगे हैं साथ ही कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश भी होने लगी है।
बालद छाने और बारिश के कारण तापमान में कुछ गिरावट भी होने लगी है। मौसम विभाग के अनुसार मप्र में अगले तीन दिनों तक मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। इस दौरान राजधानी भोपाल समेत प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज चमक के साथ बारिश के आसार है।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक पीके साहा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश के मध्य क्षेत्र के उत्तरी भाग में ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। इस चक्रवात से एक ट्रफ असम तक और दूसरा ट्रफ विदर्भ तक बना हुआ है।
उधर, एक पश्चिमी विक्षोभ भी पाकिस्तान पर सक्रिय हो गया है। ऊपरी चक्रवात की शक्ल के इस सिस्टम के प्रभाव से दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान पर प्रेरित चक्रवात बन गया है। इस वजह से बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से नमी मिलने के कारण मप्र में बादल छाने लगे हैं।
इससे गरज-चमक के साथ बारिश हो रही है। रविवार को भोपाल में भी गरज-चमक के साथ बरसात होने की संभावना है। इस तरह की स्थिति अभी तीन-चार दिन तक बनी रह सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी होने की संभावना नहीं है। इसी क्रम में शुक्रवार को रीवा में 2.0, दमोह में 1.0 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। छिंदवाड़ा, भोपाल, ग्वालियर में बूंदाबांदी हुई।