Homeमध्य प्रदेशटीकाकरण के चलते ओमिक्रोन ज्यादा प्रभावी नहीं, फिर भी सावधानी जरूरीः ज्योतिरादित्य...

टीकाकरण के चलते ओमिक्रोन ज्यादा प्रभावी नहीं, फिर भी सावधानी जरूरीः ज्योतिरादित्य सिंधिया – MP NEWS

- केन्द्रीय मंत्री ने की कोरोना से निपटने के लिए की गईं तैयारियों की समीक्षा

Date:

ग्वालियर । बड़े पैमाने पर हुए टीकाकरण की वजह से वर्तमान में ओमिक्रोन ज्यादा प्रभाव नहीं डाल पा रहा है। फिर भी हमें पूरी तरह सावधानी बरतने की जरूरत है। कोविड अनुरूप व्यवहार के पालन के साथ-साथ सभी ऐहतियाती उपाय जरूरी हैं।

पुराने अनुभव बताते हैं कि कोरोना वायरस तेजी के साथ अपना रूप बदलता है। इस बात को ध्यान में रखकर हमें हर समय कोरोना से निपटने की पुख्ता तैयारियां रखनी हैं।

यह निर्देश केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गुरुवार को डिस्ट्रिक्ट क्राइसेस मैनेजमेंट ग्रुप और संबंधित अधिकारियों की बैठक में कोरोना की तीसरी लहर से निपटने के लिये की गई तैयारियों की समीक्षा करते हुए दिए।

बैठक में उन्होंने डीआरडीओ ग्वालियर में कोरोना सेम्पल की जीनोम सीक्वेंसिंग कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि राज्य अथवा केन्द्र सरकार जहां से भी डीआरडीओ में जीनोम सीक्वेंसिंग कराने की अनुमति की जरूरत होगी वहाँ से अनुमति दिला दी जायेगी।

बैठक में सांसद विवेक नारायण शेजवलकर ने डीआरडीओ ग्वालियर में जीनोम सीक्वेंसिंग कराए जाने की ओर ध्यान आकर्षित किया था।

केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने बैठक में जोर देकर कहा कि शहर के साथ-साथ ग्रामीण अंचल में भी प्रमुखता के साथ कोरोना की जाँच कराई जाए। उन्होंने कहा कि लक्षण दिखाई देने पर जो लोग स्वयं कोरोना की जाँच कराने आते हैं और जिनकी जाँच सरकारी अमले द्वारा अभियान के तहत की जाती है, दोनों तरह की जाँचों की अलग-अलग संक्रमण दर (पॉजिटिविटी रेट) निकालें, जिससे सही-सही संक्रमण दर का पता लगे और मरीजों की बेहतर देखभाल की जा सके।

डोर टू डोर सर्वे कर शत प्रतिशत बच्चों का कराएँ टीकाकरण

सिंधिया ने कहा कि डोर टू डोर सर्वे कर 15 से 17 वर्ष आयु वर्ग के शत-प्रतिशत बच्चों को कोरोना के टीके लगवाएं। उन्होंने कहा बीएलओ, नगर पालिका निगम के कर्मचारी, ग्रामीण क्षेत्र में पंचायत के कर्मचारी मिलकर इस काम को अंजाम दें। बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों से भी उन्होंने आग्रह किया कि इस पुनीत काम में आप सब भी सहयोग करें। सिंधिया ने 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के बुजुर्गों को तेजी के साथ प्रिकोशन डोज लगाने पर भी विशेष बल दिया। कहा कि सभी स्वास्थ्य कर्मी और फ्रंट लाईन वर्कर्स को भी प्रमुखता के साथ प्रिकोशन डोज लगवाए जाएं।

पॉजिटिविटी रेट में आई गिरावट

कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने बैठक में जानकारी दी कि पिछले एक हफ्ते में कोरोना संक्रमण दर (पॉजिटिविटी रेट) में कमी आई है। उन्होंने बताया कि जिले में तीसरी लहर के दौरान अधिकतम पॉजिटिविटी रेट 16.25 प्रतिशत तक पहुँची थी, जो अब घटकर 9.27 प्रतिशत पर आ गई है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जिले में वर्तमान में कुल 3 हजार 335 एक्टिव कोरोना केस हैं। इनमें से मात्र 55 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं।

शेष मरीज घर पर ही आइसोलेट होकर अपना इलाज करा रहे हैं। कमाण्ड एण्ड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से दिन में दो बार घर पर आइसोलेट मरीजों से संपर्क किया जाता है। साथ ही सभी को घर पर ही दवाएँ पहुँचाई जा रही हैं। उन्होंने जानकारी दी कि जिले में वर्तमान में 257 माइक्रो कंटेनमेंट जोन एक्टिव हैं। कलेक्टर ने कोविड से निपटने के लिये अस्पतालों में की गई व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।

कमाण्ड सेंटर से फोन और वीडियोकॉलिंग से जाने कोरोना मरीजों के हालचाल

केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बैठक से पहले स्मार्ट सिटी के कमाण्ड एण्ड कंट्रोल सेंटर का जायजा लिया। उन्होंने यहाँ संचालित कोविड हैल्पलाइन सेवा से टेलीफोन और वॉट्सएप वीडियो कॉलिंग के जरिए होम आइसोलेट मरीजों से बात कर उनके हालचाल जाने। उन्होंने तानिया व मृगांक सहित अन्य मरीजों से चर्चा की। एलआईसी में पदस्थ लक्ष्मी का कहना था कि कमाण्ड सेंटर द्वारा सतत संपर्क रखकर हमें सलाह दी जाती है। साथ ही दवायें मुहैया कराई गई हैं। इसी तरह मृगांक बोले कि हमारा आप सबको दिल से धन्यवाद है। प्रशासन ने हमारा पूरा ख्याल रखा है।

एक हफ्ते में ओला प्रभावित किसानों को राहत वितरण सुनिश्चित करें

सिंधिया ने जिले में ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों के सर्वेक्षण और राहत वितरण की समीक्षा भी की। उन्होंने एक हफ्ते के भीतर सभी प्रभावित किसानों के खाते में राहत पहुँचाने के निर्देश दिए। बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में ओलावृष्टि से 51 गाँवों व उनसे जुड़े मजरों के लगभग 14 हजार 224 किसानों की करीबन 10 हजार 442 हैक्टेयर रकबे की फसल प्रभावित हुई है।

प्रभावित किसानों को लगभग 23 करोड़ 88 लाख रुपये की राहत राशि वितरित की जायेगी। सर्वेक्षण का काम पूर्ण किया जाकर राहत वितरित करने के लिये बिल लगाए जा रहे हैं। जल्द ही सिंगल क्लिक के जरिए सभी प्रभावित किसानों के खातों में राहत राशि पहुँचाई जायेगी।

उपार्जन में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई करें

केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने समर्थन मूल्य पर फसल उपार्जन में गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई करने के निर्देश भी बैठक में दिए। उन्होंने कहा विशेष मुहिम चलाकर गलत पंजीयन कराने वालों, गड़बड़ी करने वाले कर्मचारियों व ऐसे व्यापारियों को खोजें जो किसानों के नाम पर समर्थन मूल्य पर उपज बेचने की जुर्रत करते हैं।

इन सभी के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के साथ-साथ अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत कठोरतम कार्रवाई की जाए। कार्रवाई ऐसी हो जो ऐसा उदाहरण बने कि कोई अन्य गड़बड़ी करने की जुर्रत न कर पाए। उन्होंने कहा कि शिकायत का इंतजार किए बगैर पहले से ही कार्रवाई करें, जिससे पारदर्शिता के साथ खरीदी हो सके। उन्होंने खरीदी केन्द्रों पर उपज की मानकता जांच के लिये तैनात किए जाने वाले सर्वेयर को पूरा संरक्षण देने पर भी बल दिया।

SHUBHAM SHARMA
SHUBHAM SHARMAhttps://shubham.khabarsatta.com
Shubham Sharma – Indian Journalist & Media Personality | Shubham Sharma is a renowned Indian journalist and media personality. He is the Director of Khabar Arena Media & Network Pvt. Ltd. and the Founder of Khabar Satta, a leading news website established in 2017. With extensive experience in digital journalism, he has made a significant impact in the Indian media industry.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

Seoni News: स्कूल वाहनों की सघन जांच, बिना बीमा-फिटनेस चल रहे दो वाहन जब्त, 4 हजार रुपये का जुर्माना

सिवनी जिले में विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन...