भोपाल: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हाल ही में प्रदेश के कुछ जिलों के ग्रामों में हुई असमय वर्षा और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को पहुँचे नुकसान का शीघ्र सर्वे किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहाँ-जहाँ क्षति हुई है, तत्काल सर्वे कराया जाए। साथ ही क्षति का आकलन कर राहत राशि के भुगतान की व्यवस्था भी की जाए।
मुख्यमंत्री चौहान ने रविवार को अधिकारियों को निर्देश दिए कि फसल बीमा योजना का लाभ दिलवाना भी सुनिचित करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार संकट की घड़ी में हमेशा किसानों के साथ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी जिन किसानों की फसलों का नुकसान हुआ है, वे किसान संकट में हैं, लेकिन उन्हें इस संकट से निकालने का कार्य किया जाएगा। किसानों को चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है।
मुख्यमंत्री ने रविवार को संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों और प्रभावित जिले में कलेक्टर्स से चर्चा कर फसलों के संबंध में जानकारी प्राप्त की।