मप्र के खरगोन जिले में राजमार्ग -27 पर सनावद और धनगांव के बीच मंगलवार शाम को यात्रियों से भरी एक बस पुल की रैलिंग तोड़ते हुए नदी में जा गिरी। बताया जा रहा है कि बस में करीब 40-50 यात्री सवार थे।
प्रारंभिक जानकारी में एक यात्री की मौत की सूचना मिली है, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल बताए गए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा और घायलों को सनावद के अस्पताल पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर 10 पहुंचाई गई है।
जानकारी मिलते ही खंडवा कलेक्टर अनूप कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह मौके पर पहुंच गए हैं। बताया गया है कि बस खंडवा से इंदौर जा रही थी। पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद मदद के लिए पुलिस बल और रेस्क्यू टीम को तुरंत रवाना कर दिया गया है। खंडवा और सनावद अस्पताल में भी इमरजेंसी के लिए मैसेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार बस के नदी में गिरने की सूचना के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीण किनारे से नदी में उतरे और लोगों को बाहर निकालने में मदद की। बस के नदी में गिरते ही चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही की नदी में पानी कम था। इससे यात्रियों को संभलने का मौका मिल गया।
यात्रियों ने बस का दरवाजा खोला और बाहर निकले। इसके बाद कुछ यात्री खिड़की के सहारे भी बाहर निकले। ग्रामीणों ने यात्रियों को रस्सी के सहारे बाहर निकलने में मदद की। हादसे की सूचना के बाद अस्पताल में लोगों की भीड़ लग गई है।
बताया जा रहा है कि नदी से पुल की ऊंचाई करीब 10 फीट है। बस चालक ने सामने से आ रहे एक वाहन को साइड देने के लिए रास्ता दिया, इसी दौरान यह हादसा हो गया। बारिश की वजह से रोड पर फिसलन है।
बताया जा रहा है कि हादसे में खंडवा के दौड़वा हायर सेकेंडरी स्कूल में पदस्थ अतिथि शिक्षक राधा वर्मा की मौत हो गई। हादसे के बाद खंडवा इंदौर के बीच यातायात को रोक दिया गया है। घायलों को ले जाने के लिए रोड को क्लीयर किया गया है। दोनों और करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया है।
उल्लेखनीय है कि दो महीने पहले भी खरगोन-इंदौर रूट पर धार जिले के खलघाट में महाराष्ट्र रोडवेज की बस नर्मदा नदी में गिर गई थी। इस हादसे में 13 यात्रियों की मौत हो गई थी।