
भोपाल. भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच रविवार को हॉकर्स कॉनर्स के उद्घाटन कार्यक्रम में विवाद हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंकी। मारपीट की गई। इस दौरान मेयर आलोक शर्मा भी फंस गए। किसी तरह वह कार्यक्रम छोड़कर निकल गए। विवाद बढ़ने का कारण कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं को आमंत्रित नहीं करना बताया गया।
कार्यक्रम में मेयर आलोक शर्मा मीडिया से बात कर रहे थे। उसी बीच कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कुर्सी से हमला कर दिया। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में ‘मारो-मारो’ की आवाज सुनाई दे रही है। इस बीच वहां पुलिस वालों ने बीच-बचाव की कोशिश की। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद थे।
हॉकर्स कॉनर्स का उद्घाटन कार्यक्रम था
नगर निगम ने मैनिट चौराहे के पास हॉकर्स कॉनर्स बनवाया है। रविवार को इसका उद्घाटन करने के लिए महापौर आलोक शर्मा समेत भाजपा नेता पहुंचे। कार्यक्रम में स्वागत होर्डिंग में पूर्व विधायक उमाशंकर गुप्ता का फोटो लगा था। इस पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आपत्ति जताई। पार्षद मोनू सक्सेना, संतोष कंषाना, योगेंद्र चौहान का कहना था कि नगर निगम के कार्यक्रम में कांग्रेस पार्टी के जनप्रतिनिधियों को नहीं बुलाया गया। जबकि भाजपा के पूर्व विधायक आमंत्रित किए गए हैं। विवाद बढ़ा तो दोनों पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच मामला मारपीट तक पहुंच गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंकने लगे। पुलिस ने दोनों पक्षों पर केस दर्ज कर लिया।
मेयर बोले- मंत्री शर्मा को बुलाया था, वे नहीं आए
मामले को लेकर मेयर आलोक शर्मा का कहना है कि हमने जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा को कार्यक्रम में आमंत्रित किया था। वे नहीं आए। इसलिए हमने लोकार्पण कर दिया। हालांकि, निगम सूत्रों ने बताया कि यह उनका अधिकृत कार्यक्रम नहीं था। इसे भाजपा ने आयोजित किया था।
महापौर के अभिनंदन समारोह में भी दोनों पार्टी कार्यकर्ताओं में झड़प हुई थी
भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झड़प की यह पहली घटना नहीं है। 28 दिसंबर को भी दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प देखने को मिली थी। मिंटो हॉल में महापौर आलोक शर्मा के नागरिक अभिनंदन समारोह में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। इससे नाराज महापौर समर्थकों ने उनकी धुनाई कर दी। बीच- बचाव करने पहुंचे जहांगीराबाद टीआई चौहान भी उनकी चपेट में आ गए थे।