पटना। बिहार के पूर्व डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय की राजनीति में एंट्री करने की अटकलें तेज हो गई हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से गुप्तेश्वर ने शनिवार की दोपहर मुलाकात की। 12.30 बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से जेडीयू कार्यालय में वे नीतीश से मिलने पहुंचे। संभावना जताई जा रही है कि गुप्तेश्वर विधानसभा चुनाव में अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत कर सकते हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वे बक्सर विधानसभा सीट से चुनाव लड़क सकते हैं। इस बीच चर्चा वाल्मीकिनगर लोकसभा क्षेत्र से उपचुनाव लड़ने की भी चल रही है। बताते चलें कि मंगलवार को ही उन्होंने बिहार के डीजीपी पद से वीआरएस (स्वैछिक सेवानिवृत्ति) लिया था।
एक दर्जन विधानसभा के लोग चाहते हैं लड़ूं चुनाव
इसके पहले पूर्व डीजीपी गुप्तेश्वर पांडेय ने राजनीति में आने के संकेत दे दिए थे। उन्होंने कहा था कि बिहार की लगभग एक दर्जन विधानसभा के लोग उन्हें चुनाव लड़ने के लिए कह रहे हैं। गुप्तेश्वर पांडेय ने समाचार एजेंसी एएनआइ से कहा था कि बड़ी संख्या में लोग उनसे मिलने आ रहे हैं। वे अपने इलाके से चुनाव लड़ने का आग्रह कर रहे हैं। अगर वे मुझे राजनीति में देखना चाहते हैं तो मैं ऐसा कर सकता हूं। यह पूरी तरह जनता का फैसला होगा। गुप्तेश्वर पहले ही कह चुके हैं कि जनता चाहेगी तो वे जरूर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि राजनीति में उनका कोई गॉड-फादर नहीं है। डीजीपी पद पर रहते हुए भी उनके राजनीति में आने की चर्चा चल रही थी। विदित हो कि बीते मंगलवार को गुप्तेश्वर पांडेय ने पुलिस सेवा से स्वैच्छिक सेवानवृत्ति ले ली थी। इसके बाद से उनके विधानसभा चुनाव लड़ने के कयास लगाए जाने लगे थे।
चुनाव लड़े तो होंगे पहले अधिकारी
डीजीपी रहते हुए गुप्तेश्वर को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का करीबी अधिकारी माना जाता था। बता दें कि डीजीपी ने मंगलवार को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली थी। वे 1987 बैच के भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी थे। गुप्तेश्वर पांडेय डीजीपी के पद से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेकर अगर चुनाव लड़ते हैं तो वे बिहार के पहले अधिकारी होंगे।