क्रिकेटर ऋषभ पंत सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल, रुड़की के पास डिवाइडर से टकराई पंत की कार

SHUBHAM SHARMA
2 Min Read
क्रिकेटर ऋषभ पंत सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल, रुड़की के पास डिवाइडर से टकराई पंत की कार

रुड़की। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के नारसन में शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत की कार अचानक डिवाइडर से टकरा गई, जिस कारण कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और ऋषभ पंत गंभीर रूप से घायल हो गए।

मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों व पुलिसकर्मियों ने ऋषभ पंत को कार से बाहर निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराया।

ऋषभ पंत शुक्रवार सुबह दिल्ली से रुड़की के डेरा स्थित अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार नारसन पहुंची तो अचानक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में पंत की कार में आग लग गई और काफी हद तक कार जल गई।

गंभीर रूप से घायल पंत को गाड़ी से किसी तरह निकाला गया। पहले एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन प्राथमिक चिकित्सा के बाद उन्हें दूसरी जगह रेफर किया गया है।

मुख्यमंत्री ने घायल ऋषभ पंत की ली जानकारी, उपचार का खर्च उठाएगी सरकार

मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को सड़क दुर्घटना में घायल क्रिकेटर ऋषभ पंत के बारे में अधिकारियों से जानकारी लेते हुए उनके समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषभ पंत के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि उनके इलाज का खर्च राज्य सरकार की ओर से वहन किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो एयर एम्बुलेंस की भी व्यवस्था की जाए।

शुक्रवार सुबह लगभग 5:30 बजे कोतवाली मंगलोर क्षेत्रांतर्गत मोहम्मदपुर जट के पास क्रिकेटर ऋषभ पंत की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हुए है। मौके पर 108 व हरिद्वार पुलिस द्वारा घायल पंत को सबसे पहले रुड़की अस्पताल में शिफ्ट किया, जहां से उन्हें देहरादून रेफर किया गया है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *