आठ राज्यों में बढ़ा कोरोना संक्रमण, देश में पाए गए 40 हजार से ज्यादा नए मरीज, नागपुर में 31 तक बढ़ा लॉकडाउन

Khabar Satta
By
Khabar Satta
खबर सत्ता डेस्क, कार्यालय संवाददाता
4 Min Read

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और महाराष्ट्र समेत देश के आठ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। बीते 24 घंटों के दौरान 40 हजार से ज्यादा नए मामले सामने आए हैं, जिनमें ज्यादातर मामले इन्हीं आठ राज्यों से हैं। केरल में भी नए मामलों की संख्या ज्यादा है, लेकिन ट्रेंड गिरावट का बना हुआ है।

महाराष्ट्र, दिल्ली समेत आठ राज्यों में बढ़ रहे हैं कोरोना के नए मामले

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक आठ राज्यों महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पंजाब, मध्य प्रदेश, दिल्ली, गुजरात, कर्नाटक और हरियाणा में संक्रमण का ग्राफ ऊपर की तरफ जा रहा है। मंत्रालय की तरफ से सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में पिछले 24 घंटों के दौरान 111 दिनों बाद सामने आए सर्वाधिक 40,953 नए मामलों में से 80 फीसद ज्यादा केस इन्हीं राज्यों में मिले हैं। इससे पहले पिछले साल 29 नवंबर को 41,810 नए केस पाए गए थे। नए मामलों में से अकेले तीन राज्यों-महाराष्ट्र में 62 फीसद, केरल में 8.83 फीसद और पंजाब में 5.36 फीसद यानी कुल 76.22 फीसद नए मामले हैं।

कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा एक करोड़ 15 लाख 55 हजार के पार

मंत्रालय के मुताबिक कुल संक्रमितों का आंकड़ा एक करोड़ 15 लाख 55 हजार को पार कर गया है। इनमें से एक करोड़ 11 लाख सात हजार से ज्यादा मरीज पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं और 1,59,558 लोगों की अब तक जान भी जा चुकी है, जिनमें पिछले एक दिन में हुई 188 मौतें भी शामिल हैं। मरीजों के उबरने की दर घटकर 96.12 फीसद पर आ गई है और मृत्युदर 1.38 पर बनी हुई है। सक्रिय मामले 2,88,394 हो गए हैं, जो कुल संक्रमितों का 2.49 फीसद है।

तीन दिनों में बढ़े एक लाख से अधिक संक्रमित

मंत्रालय के मुताबिक पिछले तीन दिनों में ही एक लाख से अधिक संक्रमित पाए गए हैं। शनिवार को जहां 40,953 नए मामले मिले, वहीं शुक्रवार को 39,726 और गुरुवार को 35,871 नए मामले सामने आए थे।

शुक्रवार को 10.60 लाख कोरोना संक्रमण नमूनों की जांच

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के मुताबिक कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए देशभर में शुक्रवार को 10,60,971 नमूनों की जांच की गई। इनको मिलाकर अब तक कुल 23 करोड़ 24 लाख 31 हजार से ज्यादा नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है।

नागपुर में 31 तक बढ़ा लॉकडाउन

नागपुर में 31 मार्च तक कुछ रियायतों के साथ लॉकडाउन बढ़ा दिया गया है। पहले 21 मार्च तक के लिए लॉकडाउन लगाया गया था। महाराष्ट्र की स्कूली शिक्षा मंत्री वर्षा गायकवाड ने कहा कि 10वीं और 12वीं की परीक्षा ऑफलाइन कराई जाएगी यानी छात्र-छात्राओं को परीक्षा केंद्र जाना होगा। मुंबई में बीएमसी ने रोजाना करीब 47 हजार लोगों की रैपिड एंटीजेन टेस्ट करेगी। पुणे के कोंधावा थाने में पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआइ) के 37 कार्यकर्ताओं के खिलाफ कोरोना के दिशानिर्देशों का उल्लंघन का केस दर्ज किया गया है।

गुजरात में दिन का कर्फ्यू नहीं : मुख्यमंत्री रूपाणी

गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने कहा है कि गुजरात में दिन का कर्फ्यू नहीं लगेगा। उन्होंने कहा कि संक्रमण को रोकने के लिए मास्क तथा टीकाकरण ही उपाय है। उन्होंने बताया कि राज्य में रोजाना अब तीन लाख लोगों को टीका लगाया जा रहा है। अहमदाबाद में ‘सुपर स्प्रेडर’ माने जाने वाले सब्जी बिक्रेताओं, दवा के दुकानदारों, किरानावालों, ऑटो रिक्शा चालक, सैलून वालों की जांच शुरू कर दी गई है।

- Join Whatsapp Group -
Share This Article
Follow:
खबर सत्ता डेस्क, कार्यालय संवाददाता
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *