Seoni News: सिवनी जिले के उगली थाना क्षेत्र में 25 नवंबर को हुए सड़क हादसे ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। ग्राम रघोटोला के पास तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से 45 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बेटी की मौत की खबर सुनकर पहुंची 75 वर्षीय बुजुर्ग मां भी शव देखने के बाद सदमे में चल बसीं। एक ही दिन में मां-बेटी की मौत से क्षेत्र में शोक का माहौल है.
गेहूं परिवहन के लिए जा रहे ट्रक ने महिला को मारी टक्कर
जानकारी के अनुसार, बालाघाट जिले की निवासी खेलनबाई मर्सकोले (45) उगली थाना क्षेत्र के ग्राम रघोटोला में अपने रिश्तेदारों के यहां आई हुई थीं। 25 नवंबर को सड़क पर जाते समय महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में पंजीकृत गेहूं परिवहन में लगे एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसा इतना गंभीर था कि खेलनबाई की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और विरोध जताने लगे। इसके चलते सड़क पर चक्काजाम जैसी स्थिति बन गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति, चालक हिरासत में
हादसे की सूचना मिलने पर उगली थाना प्रभारी दयाराम शरणागत पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर समझाइश दी, जिसके बाद स्थिति शांत हुई।
पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले में ट्रक चालक नंदकिशोर नागपुरे (45) को हिरासत में लिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक भी जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कराया गया है।
परिजनों को तत्काल राहत के तौर पर ट्रक मालिक की ओर से 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने की जानकारी भी सामने आई है।
बेटी की मौत की खबर सुनकर पहुंचीं मां, शव देखकर सदमे में गई जान
इस हादसे का सबसे दुखद पहलू खेलनबाई की 75 वर्षीय मां रामबती उइके की मौत रही। ग्राम चिखली, थाना उगली निवासी रामबती को जब बेटी की सड़क हादसे में मौत की खबर मिली तो वे बदहवास हालत में रघोटोला पहुंचीं।
बताया गया है कि बेटी का शव देखकर वे गहरा सदमा सहन नहीं कर सकीं और उनकी भी मृत्यु हो गई। बाद में ग्राम चिखली में गमगीन माहौल के बीच उनका अंतिम संस्कार किया गया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, दुर्घटना की जांच जारी
पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और अन्य परिस्थितियों की विस्तृत जांच की जा रही है। एक ही परिवार में मां और बेटी की मौत की घटना से रघोटोला और चिखली सहित आसपास के क्षेत्र में शोक व्याप्त है।


