भोपाल । कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए आज (सोमवार को) मतदान हो रहा है। इसमें मप्र के 502 पार्टी प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में निर्वाचन पदाधिकारियों की निगरानी में सुबह 10.00 बजे मतदान शुरू होगा, जो कि शाम 4.00 बजे तक चलेगा। इसके बाद मतपत्रों को सीलबंद कर पार्टी मुख्यालय दिल्ली भेजा जाएगा।
कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर मैदान में हैं। मप्र में मतदान के लिए दोनों उम्मीदवारों की ओर से चार-चार मतदान अभिकर्ता नियुक्त किए गए हैं।
मतदान के लिए तीन मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान के लिए प्रदेश प्रतिनिधियों को आवंटित क्रम के अनुसार केंद्र आवंटित किए गए हैं।
प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री राजीव सिंह ने बताया कि चुनाव की सभी तैयारियां हो चुकी हैं। प्रतिनिधियों को मतदान प्रक्रिया के बारे में सूचना दे दी है। सभी को निर्वाचन प्राधिकरण द्वारा जारी फोटो परिचय पत्र लेकर मतदान के लिए आना होगा।
मतदान की पूरी प्रक्रिया गुप्त रहेगी। किसी को भी मतपत्र दिखाने की अनुमति नहीं है। प्रतिनिधियों के बैठने के लिए परिसर के मुख्य द्वार के पास व्यवस्था की गई है। मतपत्र सोमवार को सुबह 10 बजे तक भोपाल पहुंच जाएंगे।
मतदान कराने के लिए निर्वाचन अधिकारी रामचंद्र खूटिया, सहायक निर्वाचन अधिकारी क्रांति शुक्ला, चक्रवर्ती शर्मा और तरुण त्यागी रविवार को ही भोपाल पहुंच गए हैं।